
जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवीन चरगवां में 4 मई को आयोजित एक तिलकोत्सव कार्यक्रम में फिल्मी गाने की धुन पर मंच पर चढ़कर दो युवकों द्वारा दोनाली बंदूक लहराने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया और उनके पास से बंदूकें भी जब्त कर लीं। पुलिस ने इस मामले में 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
बेलखेड़ा पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई को ग्राम नवीन चरगवां में एक लगुन समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह के दौरान मंच पर विकास लोधी और नारायण लोधी नामक दो युवक जबरदस्ती युवतियों के साथ हाथ में दोनाली बंदूक लेकर नाचने लगे। दोनों युवकों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला तूल पकड़ लिया।
वीडियो को संज्ञान में लेते हुए बेलखेड़ा पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की और पाया कि यह दोनों युवक ग्राम पावला के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया और उनके पास से बंदूकें जब्त कर लीं।
