
जबलपुर। शहर में चल रहे विकास कार्यो की प्रगति जानने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने पी.डब्लू.डी. विभाग एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी ली। इस अवसर पर दोनो विभागों के अधिकारियों ने प्रचलित और प्रस्तावित कार्यो की जानकारी दी, जिसके उपरांत महापौर अन्नू ने निर्देशित किया कि वर्ष 2024-25 के पार्षद मद के कार्य तत्काल रूप से पूर्ण कराये जाएं। महापौर अन्नू ने समीक्षा बैठक के दौरान यह भी निर्देशित किया कि मानसून आगमन के पूर्व जितने भी डामलीकृत सड़क निर्माण के लिए कार्यादेश जारी हो गए हैं उन सभी कार्यो को प्रारंभ कराकर मानसून के पूर्व हर हाल में पूर्ण कराएं।
समीक्षा बैठक के दौरान महापौर एवं निगमायुक्त ने सिटी ब्यूटीफिकेशन के साथ-साथ सड़क ब्यूटीफिकेशन के लिए भी विशेष फोकस करने और कार्य प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये । इन कार्यो को भी यथाशीघ्र पूर्ण कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। लोककर्म विभाग की बैठक के उपरांत महापौर एवं निगमायुक्त ने उद्यान विभग के कार्यो की भी जानकारी ली और जितने भी कार्यादेश जारी हो चुके हैं, वे सभी कार्यो को एक सप्ताह के अंदर शुरू कराने अधिकारियों को निर्देश दिये गए।
उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर ने स्पष्ट रूप से अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि कार्य की शुरूआत और पूर्णतः करने के बीच में हीलाहवाली करने वाले अधिकारी एवं ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। बैठक में विभाग प्रभारी एवं एम.आई.सी. सदस्य विवेक राम सोनकर, के साथ अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, संभागीय यंत्री, उद्यान अधिकारी एवं उपयंत्री आदि उपस्थित रहे।

