Spread the love

महीने के अंत में संविधान बचाओ यात्रा भी निकालने के निर्देश
भोपाल । प्रदेश के सभी शहरों में कांग्रेस को जय हिंद यात्रा निकालने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही महीने के अंत में हर शहर और जिले में कांग्रेस को संविधान बचाओ यात्रा भी निकालना है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय कामले द्वारा पूरे प्रदेश के सभी जिला और शहर अध्यक्षों को यह निर्देश कल भेजे गए। इस निर्देश में कहा गया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार समस्त जिलों में जय हिंद यात्रा का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाना है। इन यात्राओं का समापन 31 मई को जबलपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय जय हिंद सभा के रूप में होगा। पत्र में याद दिलाया गया है कि वर्तमान में संविधान बचाओ यात्रा भी संचालित है। उक्त संबंध में निर्णय लिया गया है कि पहले जिला स्तरीय जय हिंद यात्रा का आयोजन किया जाए। जिन जिलों में जय हिंद यात्रा संपन्न हो चुकी है वह जिले इसे दोबारा नहीं करें एवं जिन जिलों में संविधान बचाओ यात्रा संपन्न हो चुकी है उन्हें भी दोबारा करने की आवश्यकता नहीं है। जिन जिलों में यात्रा संपन्न नहीं हुई है वहां सभी की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्राथमिकता पर जय हिंद यात्रा आयोजित करें तथा उसके पश्चात 28 मई से संविधान बचाओ यात्रा आयोजित करें।
घोषित कर दिए जय हिंद यात्रा के मुद्दे
प्रदेश कांग्रेस द्वारा भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि जय हिंद यात्रा के दौरान ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सशस्त्र सेनाओं की बहादुरी और सफलता को उजागर करते हुए उनके अद्वितीय साहस और रणनीतिक दक्षता को नमन करते हुए आभार प्रकट करना है। भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा सुरक्षा चूक, राष्ट्रीय सुरक्षा से निपटने के सरकार के तरीके एवं हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों में अमेरिका की चिंताजनक भागीदारी पर सरकार की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए भाजपा को बेनकाब करना है। मध्यप्रदेश के मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री द्वारा अपने बयानों के माध्यम से हमारे सशस्त्र बलों का अपमान करने एवं उस पर भाजपा नेतृत्व, प्रधानमंत्री द्वारा चुप्पी रखते हुए जनता को गुमराह करते हुए तिरंगा यात्रा निकालने का विरोध भी करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *