Spread the love

जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर से चल रही है पूछताछ
नई दिल्ली। पाकिस्तान की जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ चल रही है। ज्योति ने पाकिस्तान के खुफिया एजेंट्स के साथ संपर्क होने की बात कबूली है। इतना ही नहीं उसने पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी के भी संपर्क में होने की बात कही है। हालांकि इसे लेकर पुलिस की ओर से अब तक कुछ नहीं कहा गया है। पुलिस ने ज्योति को 16 मई को गिरफ्तार किया था।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ज्योति ने कबूल कर लिया है कि पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के साथ उसके संपर्क थे। उसने यह भी कबूल किया कि वह नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी दानिश के साथ भी नियमित रूप से बातचीत करती थी। रिपोर्ट के मुताबिक पूछताछ के रिकॉर्ड्स से पता चला है कि ज्योति की दानिश से पहली बार मुलाकात 2023 में हुई थी। उस दौरान वह पाकिस्तान यात्रा के लिए वीजा हासिल करने के लिए पाकिस्तानी उच्चायोग गई थी।
खास बात है कि पहलगाम हमले के बाद 13 मई को दानिश को भारत सरकार ने वापस जाने को कहा था। रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने बताया है कि ज्योति ने कहा कि 2023 में वह पाकिस्तान की यात्रा के लिए वीजा की जानकारी जुटाने दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग गई थी। इस दौरान उसकी मुलाकात दानिश के कॉन्टैक्ट अली हसन से हुई थी, जिसने वहां उसके रहने और यात्रा की व्यवस्था की थी। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ज्योति ने खुलासा किया है कि हसन ने उसकी दो लोगों से मुलाकात कराई थी, जो पाकिस्तान के खुफिया अधिकारी माने जा रहे हैं। ज्योति ने बताया है कि उसने शाकिर का नंबर जट रंधावा के नाम से सेव किया था, ताकि किसी को शक न हो। रिपोर्ट के मुताबिक भारत लौटने के बाद भी वह लगातार पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों के संपर्क में रही। वह उनके साथ व्हाट्सऐप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसी ऐप्स के जरिए संपर्क साधती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *