
वाहनों ने लगे तेज साउंड सिस्टम जब्त, 10 हजार 500 का जुर्माना बसूला
अशोकनगर। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो बड़ी कार्रवाइयां की। पहली कार्रवाई में तेज आवाज में बज रहे साउंड सिस्टम को लेकर पुलिस ने एक ट्रैक्टर से साउंड सिस्टम जब्त किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में शहर में लोक परिवहन वाहनों की जांच के दौरान 18 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर 10 हजार 500 का जुर्माना वसूला गया। पहली कार्रवाई यातायात थाना प्रभारी टीआई स्नेहा ठाकुर के नेतृत्व में की गई, जिसमें एक आइसर ट्रैक्टर में तेज आवाज में बज रहे साउंड सिस्टम को जब्त किया गया। टीआई ठाकुर ने बताया कि तेज ध्वनि के कारण पूर्व में एक स्कूटी सवार छात्रा की मौत भी हो चुकी है, जिसे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी। इसी को देखते हुए तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक को सख्त चेतावनी दी गई है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, लोक परिवहन वाहनों की नियमित जांच के तहत निरीक्षक स्नेहा ठाकुर के नेतृत्व में विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान विनीत कुमार जैन के निर्देश पर संचालित हुआ। जांच के दौरान बसों के दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन दरवाजा और पैनिक बटन की भौतिक जांच की गई। मानकों पर खरे न उतरने वाली 8 बसों पर 5,500 का जुर्माना लगाया गया, जबकि अन्य 10 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 5,000 का जुर्माना वसूला गया।
