
बरेला के धनपुरी में ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़े
जबलपुर। बरेला थानांतर्गत धनपुरी में तेज रफ्तार भाग रहे एक मिनी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया| घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
बरेला थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह नई मारुति ईको कार से आनंद विश्वकर्मा और ललित विश्वकर्मा कहीं जा रहे थे। जैसे वे धनपुरी पहुंचे, सामने से आ रहे मिनी ट्रक एमपी 36 जी 0619 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ईको में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी चला रहे आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और गंभीर चोटें आने के कारण ललित गंभीर रुप से घायल हो गया। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और 108 एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया| दोनों दुर्घटना वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है वहीं आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है।
