
गली में साइकिल चलाने को लेकर हुआ था विवाद
अशोकनगर। तुलसी सरोवर कॉलोनी में शुक्रवार रात एक मामूली साइकिल चलाने के विवाद ने बड़ा हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में 27 वर्षीय धर्मेंद्र कुशवाह पर बेरहमी से हमला किया गया, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल धर्मेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब रोहित यादव गली में साइकिल चला रहा था और वहीं बच्चे भी खेल रहे थे। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए धर्मेंद्र कुशवाह ने रोहित से मैदान में साइकिल चलाने की सलाह दी। यह बात रोहित को बुरी लगी और उसने पहले गाली-गलौज की। कुछ देर बाद वह अपने पिता लक्ष्मीनारायण यादव जो भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हैं तथा अन्य साथियों के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंचे और हमला कर दिया।
घर से घसीटकर की मारपीट:
आरोप है कि हमलावरों ने धर्मेंद्र को घर से बाहर घसीटकर बेरहमी से पीटा। जब उसकी मां नारायणी बाई और पत्नी आरती ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। यह पूरी घटना धर्मेंद्र के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित पक्ष ने फुटेज पुलिस को सौंप दी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला:
देहात पुलिस ने आरती कुशवाह की शिकायत पर रोहित यादव, लक्ष्मीनारायण यादव सहित दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मामले के सामने आने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी ने लक्ष्मीनारायण यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
