Spread the love

जबलपुर। गोहलपुर थानांतर्गत जेडीए कालोनी शांतिनगर में एक वृद्ध दंपत्ति को खाना बनाने वाली नौकरानी ने चाय में विषाक्त चीज घोलकर पिला दी। चाय के सेवन के बाद जब दंपत्ति की तबियत बिगड़ने लगी तो नौकरानी वृद्धा के हाथ से सोने की चूड़ियां व गले से सोने की चेन उतारकर भाग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में नौकरानी की हरकतों का साबूत मिलने पर आरोपी नौकरानी पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। गोहलपुर थाना प्रभारी श्रीमती प्रतीखा मार्को ने बताया कि जेडीए कालोनी शांति नगर निवासी जवाहर लाल गुप्ता सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त है। संगीता सोनी उनके घर में गत 12 वर्षों से खाना बना रही है। गत 17 मई को अपरान्ह 3.30 बजे संगीता वृद्ध दंपत्ति के लिए चाय बनाकर लाई। जिसे पीने के बाद पति, पत्नी की तबियत बिगड़ने लगी और घबराहट होने लगी। दोनों को ऐसा लगा कि उनकी याददाश्त जा रही है। जवाहरलाल गुप्ता ने उसकी सूचना अपने भतीजे आयुष को दी। आयुष ने अपने चाचा-चाची को मेट्रो अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने इलाज के दौरान दंपत्ति को बताया कि किसी जहरीली वस्तु के सेवन से उनकी तबियत बिगड़ी है। तीन दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद स्वस्थ होकर घर लौटे जवाहरलाल गुप्ता की पत्नी ने देखा कि उनके हाथो से सोने की चूड़ियां व गले की चेन गायब है। खाना बनाने वाली नौकरानी संगीता पर चोरी की शंका होने पर दंपत्ति ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरे निकलवा कर फुटेज चेक की तो नौकरानी की करतूत सामने आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *