
गुना। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सख्त निर्देश पर गुना कोतवाली पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। पुलिस ने जयस्तंभ चौराहे के पास एक होटल के सामने मैदान में बैठे तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से सट्टे का 36 लाख से अधिक का हिसाब-किताब मिला। इसके साथ ही, पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और शेष आरोपितों की तलाश जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी भरत नोटिया के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सीपीएस चौहान के नेतृत्व में कार्रवाई हुई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन सटोरियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपितों में हेमंत कुमार निवासी श्रीराम कॉलोनी, पंकज धाकड़ निवासी गुर्जर कॉलोनी तथा नबल किशोर निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी भुल्लनपुरा शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि ये तीनों आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे और उनका सट्टा का पूरा हिसाब-पुस्तक रुपेश शर्मा (गुर्जर कॉलोनी) और शुभम जैन (विकासनगर) नामक अन्य दो सटोरियों द्वारा संचालित किया जा रहा था। इनके खिलाफ धारा 112 बीएनएस व 4(क) सट्टा अधिनियम के तहत गुना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम ने सट्टे के इस गिरोह को पकडऩे में प्रभावशाली भूमिका निभाई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सीपीएस चौहान, उपनिरीक्षक सतीश सरवैया, प्रधान आरक्षक राहुल भदौरिया, दीपक तोमर, मनोज शर्मा, उमेश शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आदित्य कौरव, विशाल माथुर, रवि जाट, हाकिम यादव तथा सैनिक रंजीत समर का विशेष योगदान रहा है।
