Spread the love

प्रशासन, पुलिस व निगम की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय, शहर में फिर चलेगी अतिक्रमण हटाने की मुहिम
छिंदवाड़ा । शहर में फैल रहे अतिक्रमण ने हर एक वर्ग को परेशान कर रखा है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के सपने में भी यह अतिक्रमण ग्रहण लगा रहा है। शहर के यातायात को प्रभावित करने पर भी मुख्य बाजारों में फैला अतिक्रमण ही है। हालांकि नगर निगम समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही अवश्य करता है लेकिन अतिक्रमणरियों द्वारा पुन: उसी स्थान पर अतिक्रमणकर लिया जाता है। हालात यह है कि निगम की टीम सुबह अतिक्रमण हटाती है तो शाम होते होते उसी स्थान पर दोबारा अतिक्रमण जम जाता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मंगलवार को शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम कार्यालय में जिला प्रशासन, नगर निगम सहित पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शहर में फिर से अतिक्रमण हटाने मुहिम चलाने का निर्णय लिया गया है। वहीं निर्णय लिया गया है कि अतिक्रमणकारियों को विद्युत विभाग द्वारा कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। वहीं जिन्हे पूर्व में कनेक्शन दे दिया गया है उनके कनेक्शन काटे जाएंगे। इसके साथ साथ बैठक में अन्य निर्णय लिए गए है।
सड़कों पर खडे वाहनों पर होगी कार्यवाहीं
बैठक में आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने निद्रेश दिए है कि ऐसे वाहन जो सड़क पर खड़े हो रहे है, उन पर लगातार चालानी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में एसडीएम सुधीर जैन ने निर्देश दिए है कि अतिक्रमणकारियों को विद्युत कनेक्शन न दिए जाए इसके साथ ही पूर्व में दिए विद्युत कनेक्शन भी काटे जाए। विभिन्न अवसरों पर शहर के डिवाइडर के बीच में अवैध रूप से होर्डिंग एवं फ्लेक्स लगाए जा रहे इन्हें लगातार हटाने एवं इन पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
हॉकर्स जोन बनाने के निर्देश
बैठक में नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने शहर में नए हॉकर्स जोन बनाने के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कार्यवाही हेतु स्थान एवं दिनांक निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। शहर के सभी मुख्य सड़कों एवं बाजारों में नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन संयुक्त कार्यवाही करेंगे। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी, कार्यपालन यंत्री ईश्वर सिंह चंदेली, तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी, वरिष्ठ नेता मनोज सक्सेना, मनोज कुशवाह उपस्थित रहे।
जनपद कार्यालय के पास से हटाया अतिक्रमण….
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के दल ने अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू कर दी है। मंगलवार को संयुक्त टीम ने जनपद कार्यालय के पास अतिक्रमण हटाया। जिसमें सड़क पर लगी दुकानों को हटाया गया इसके साथ ही स्थाई बने चबूतरों को भी देर शाम तक हटाने की कार्यवाही की गई। दोपहर को प्रारंभ हुई कार्यवाही में नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय एवं एसडीएम सुधीर जैन द्वारा अतिक्रमण दल का नेतृत्व किया गया। इस दौरान दुकानदारों को पुन: इन स्थानों पर सड़को पर दुकान न लगाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *