Spread the love

जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी में वित्तीय अनियमित्ता करने पर हुई प्राथमिकी दर्ज
अशोकनगर। जिले के चंदेरी विकासखंड में शिक्षा विभाग के 5 अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता करने पर विभाग द्वारा एफ.आई.आर. दर्ज करने की कार्यवाही की गई है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर को आवेदक रविन्द्र कुमार चौबे बीएसी जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी द्वारा हरिराम अहिरवार बीआरसीसी एवं रणधीर अहिरवार बीएसी वित्त जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी के विरूद्ध वित्तीय अनियमितता किये जाने हेतु शिकायती आवेदन दिया था। कलेक्टर द्वारा संज्ञान में लेते हुए प्रकरण की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता पाई जाने पर उक्त कार्यवाही की गई है। कलेक्टर द्वारा शिकायत की जांच कराने हेतु जिला स्तरीय जांच समिति का गठन कर जांच कराने के निर्देश दिये गये। डीपीसी श्री राहुल शर्मा द्वारा चार सदस्यों की जांच समिति में महेन्द्र कुमार जैन एपीसी अकादमिक, राम सहाय कटारे प्राचार्य मॉडल स्कूल, राजेश तिवारी बीईओ चंदेरी एवं चंद्रशेखर याज्ञनिक गणक शामिल किये गये। उक्त समिति को निर्देश दिये गये थे कि जांच कर प्रतिवेदन शीघ्र भेजें। तत्संबंध में जांच रिपोर्ट अनुसार हरिराम अहिरवार बीआरसीसी, रणधीर अहिरवार वित्त बीएसी जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी जांच में दोषी पाये गये साथ-साथ अन्य दो शिक्षक शोभाराम अहिरवार प्रभारी प्रधानाध्यापक शा.मा.वि. गोराकला एवं रामलाल अहिरवार शा.मा.वि. चिमला भी दोषी पाये गये। शोभाराम अहिरवार प्रभारी प्रधानाध्यापक शा.मा.वि. गोराकला के खाते में 22000 रूपये एवं रामलाल अहिरवार शा.मा.वि. चिमला के खाते में 5000 रूपये का भुगतान रणधीर अहिरवार बीएसी वित्त द्वारा किया गया था। इसके साथ ही शिकायतकर्ता रविन्द्र कुमार चौबे द्वारा बीआरसीसी चंदेरी को 26 मार्च 2024 को नोटशीट प्रस्तुत की गई। जिसमें उनके द्वारा 17000 रूपये स्वयं के खाते में हस्तानांतरित कराये जाने का आरोप है। हरिराम अहिरवार बीआरसीसी, रणधीर अहिरवार बीएसी वित्त के साथ-साथ शिकायतकर्ता रविन्द्र कुमार चौबे बीएसी जनपद शिक्षा केंद्र चंदेरी एवं अन्य दो शिक्षक शोभाराम अहिरवार प्रभारी प्रधानाध्यापक शा. मा.वि. गोराकला, रामलाल अहिरवार शा.मा.वि. चिमला भी जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता में शामिल पाये जाने से पुलिस थाना चंदेरी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *