
इन्दौर। पति से कोर्ट में चल रहे तलाक के केस के दौरान पत्नी को पति की प्रेमिका ने भजन संध्या में देखा तो वह उसके पति और एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंची और उसके साथ जमकर मारपीट करते जान से मारने की धमकीं दी। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर उसके पति और उसकी प्रेमिका सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला एमआईजी थाना क्षेत्र का है। जहां प्रिया जायसवाल निवासी हीरानगर ने अपने पति सूरज जायसवाल, करिश्मा साहू और कुणाल साहू पर मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कराया है। प्रिया ने अपनी दर्ज रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि उसका पति सूरज और करिश्मा साहू के बीच संबंध हैं। इसे लेकर उनके बीच कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। 28 मई की रात करीब 12.25 बजे वह अपनी बहन के साथ आस्था टॉकीज के सामने खाटू श्याम भजन संध्या में पहुंची थी। वहां करिश्मा ने उसे देखा तो गालियां देने लगी। विरोध करने पर करिश्मा ने सूरज और उसके साथी कुणाल को बुलाते हुए उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मारे तथा चेहरे पर नाखून से खरोंच दिया। सूरज और कुणाल ने भी उसे गालियां देते हुए उसके साथ झूमाझटकी की। चीख-पुकार सुनकर उसकी बहन शिवानी, शिम्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया तो आरोपी जाते-जाते धमका गए कि दोबारा कहीं दिखी तो जान से खत्म कर देंगे। प्रिया ने पुलिस को बताया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने आ रही थी, तब पाटनीपुरा चौराहा पर भी उन्होंने उसे रोक उसके साथ फिर मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
