बैंक के शाखा प्रबंधकों को निर्देश, प्रपत्र में नाम सहित देनी होगी जानकारी
छिंदवाड़ा। जिले की सहकारी समितियों के प्रबंधकों को कम्प्यूटर में दक्षता का प्रमाण पत्र तीन दिन में प्रस्तुत करना पड़ेगा ऐसा नहीं होता है तो उनका प्रभार समिति के उन कर्मचारियों को दिया जाएगा जिन्हें कम्प्यूटर का ज्ञान हो। गुरुवार को जिला सहकारी बैंक के सीईओ ने यह निर्देश पत्र बैंक के शखा प्रबंधकों को लिखा है। निर्देश पत्र में मुख्य अधिकारी ने इस लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि अगर इस संबंध में चाही गई जानकारी नहीं भेजी गई तो शाखा प्रबंधकों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। प्रत्र में कहा गया है कि निर्धारित प्रारूप में शाखा से जुड़ी समिति का नाम, संबंधित प्रबंधक का नाम और प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी भरकर तीन दिन में जिला कार्यालय मेें दी जाए। ध्यान रहे केंद्र सरकार की पैक्स कम्प्यूटराइजेशन येाजना के अंतर्गत समितियों के कर्मचारियों को इस काम के लिए टे्रंड होने कहा गया है। प्रदेश की सभी सहकारी समितियो ंमें कर्मचारी इसमें ट्रेंड हो रहे है लेकिन छिंदवाड़ा जिले के कर्मचारी इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं।
सिर्फ 7 बैंक शाखाओं में ही दी जानकारी
ध्यान रहे जिले में जिला सहकारी बैंक की 24 शाखाएं हैं। इनसे 146 समितियां जुड़ी हुई हैं। मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक तक सिर्फ छिदंवाड़ा की कृषि शाखा, बनगांव, बिछुआ, खैरीतायगांव, सौंसर और उमरानाला के अंतर्गत समितियों के समिति प्रबंधकों ने ही कम्प्यूटर दक्षता के प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए हैं। अभी भी लगभग सौ समितियों के प्रबंधकों ने कम्प्यूटर योग्यता का प्रमाण पत्र नहंी दिया है।
योग्यता प्रमाण पत्र नहीं तो छिनेगा प्रभार
बैंक के मुख्य अधिकारी ने कहा है कि यदि कम्प्यूटर प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र प्रबंधकों ने नहीं दिया तो उनका प्रभार छीन लिया जाएगा और किसी दूसरे कर्मचारी को दिया जाएगा। इसके लिए शाखा प्रबंधकों और समिति के प्रशासकों को निर्देश की अवहेलना करने पर प्रबंधकों के खिलाफ कार्यवाही करने भी कहा गया है। इधर शाखा प्रबंधकों को भी कहा गया है कि यदि कार्यवाही में उनकी लापरवाही मिली तो उनके किसी भी प्रकार के अवकाश स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
