
बालाघाट। बालाघाट प्रवास पर पहुंचे पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सवा साल में मोदी की 5 गारंटी पूरी नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने इन्हें पूरा करने का प्रयास तक नहीं किया। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में रेत, खनिज, शिक्षा और शराब माफियाओं का वल्लभ भवन में कब्जा है। उन्होंने मंत्री विजय शाह के मामले में एसआईटी गठन पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि एसआईटी में मंत्री के साथ काम कर चुके अधिकारियों को रखा गया है। पीसीसी अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि प्रदेश बलात्कार, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार, कर्ज में देश के अन्य राज्यों की तुलना में नंबर वन है। इतना ही नहीं प्रदेश सरकार ने जो वादा किया था, उसे अभी तक निभाया भी नहीं है। समर्थन मूल्य पर धान और गेहूं खरीदी की बात हो या फिर लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपए देने की बात या फिर 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा, इन सभी मामलों में भाजपा सरकार ने वादा खिलाफी की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 3 जून को राहुल गांधी भोपाल में संगठन सृजन की शुरुआत करेंगे। यह ग्राम स्तर से जिला स्तर तक किया जाएगा।
सेना के सम्मान में जबलपुर में होगी जयङ्क्षहद सभा
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि 31 मई को जबलपुर में जयहिंद सभा होगी। इस सभा का उद्देश्य सेना का सम्मान करना है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पूरे देश में यह आयोजन कर रही है। पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान पूरी कांग्रेस और देशवासी सेना के साथ थे। लेकिन भाजपा नेता जिस तरह से सेना को लेकर जो बयानबाजी कर रहे हैं उससे स्पष्ट है कि सरकार भारतीय सेना के साथ नहीं है।
