
पीसीसी अध्यक्ष ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
बालाघाट। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी गुरुवार को बालाघाट प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसियों ने उनका स्वागत सत्कार किया। इस दौरान सिंधु भवन में संविधान बचाओ यात्रा और कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यकर्ता सम्मेलन को पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सेना के सम्मान और देश की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अपना सिर कटा सकता है। सरकार ऑपरेशन सिंदूर कार्यक्रम करती है, लेकिन भाजपा नेता ही ऑपरेशन को लीड करने वाली महिला का अपमान करती है। इतना ही नहीं भाजपा सरकार के ही मंत्री सेना से धोखा करते हैं। जबकि प्रधानमंत्री सेना के सम्मान की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए वार्ड, ग्राम, मंडल, पंचायत स्तर पर इसका विस्तार किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेसी नेता राहुल गांधी का मध्यप्रदेश में आगमन हो रहा है। वे संगठन सृजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद पुरानी कांग्रेस से नई कांग्रेस का गठन किया जाएगा। उन्होंने सभी कांग्रेसी नेताओं से संविधान की रक्षा करने का संकल्प भी दिलाया। इसके अलावा उन्होंने अपने संबोधन के दौरान प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथों लिया। प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा समारोह को अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के पूर्व पत्रकारवार्ता में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकारों के एक सवाल पर यह स्वीकार किया कि कांग्रेस में अनुशासन की कमी है। संगठन सृजन कार्यक्रम से नई कांग्रेस का गठन किए जाने की बात उन्होंने कही है। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि नई कांग्रेस में अनुशासनहीनता किसी भी शर्त में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर बालाघाट सहप्रभारी राजेश यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष व बैहर विधायक संजय उइके, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, वारासिवनी विधायक विवेक पटेल, पूर्व सांसद विश्वेश्वर भगत, पूर्व सांसद बोधसिंह भगत, पूर्व विधायक हिना कावरे, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, पुष्पा बिसेन, अंजू जायसवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष तबरेज पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी सहित अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद थे।
