Spread the love

एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर
जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के मड पिपरिया गांव में गुरुवार शुक्रवार की दरम्यानी रात दो परिवारों के बीच सात महीने पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार से अधिक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पाटन स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान प्रीति बाई के रूप में हुई है, जिनकी सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पाटन थाना पुलिस और एसडीओपी लोकेश डाबर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमले में शामिल सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
पारिवारिक रंजिश बनी संघर्ष की वजह…
पाटन पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड पिपरिया गांव में रहने वाले भागवत सिंह और गिरन सिंह के परिवारों के बीच पिछले सात महीनों से विवाद चल रहा था। यह विवाद गिरन सिंह के बेटे भारत और भागवत सिंह के बेटे दशरथ सिंह के बीच हुए पुराने झगड़े से जुड़ा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार की रात गांव में आयोजित एक लगुन समारोह के दौरान दशरथ सिंह वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला…..
गांव के निवासी दुर्गेश लोधी ने बताया कि विवाद बढ़ता देख वह दशरथ को समझाने के लिए उसके घर गया। उसी दौरान दशरथ सिंह, उसके पिता भागवत सिंह, अन्नू, रवि, दीपक, ब्रजेश और दिनेश ने दुर्गेश पर लाठी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। शोर सुनकर दुर्गेश को बचाने के लिए गिरन सिंह, भारत, जीवन सिंह, कालू सिंह और प्रीति बाई वहां पहुंचे। लेकिन आरोपियों ने उन सभी पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान प्रीति बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चारों घायल अवस्था में जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार
पाटन थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर हालात को काबू में किया गया। सभी घायलों को तुरंत पाटन के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मृतक महिला प्रीति बाई के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया गया और शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। फिलहाल पाटन थाना में आईपीसी की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात…
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *