रीवा। जिले के बारा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक आठ साल का बच्चा भी है। इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों में आशीष वासुदेव (32), उनकी पत्नी ज्योति वासुदेव (26) और पुत्र किशन वासुदेव (8) है। ये सभी खेत के पास एक आम के पेड़ के नीचे खड़े थे, जब दोपहर करीब 1:30 बजे आकाशीय बिजली गिरी और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में परिवार के दो अन्य सदस्य नैना वासुदेव (2) और प्रेमलाल वासुदेव (55) बुरी तरह झुलस गए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में प्रेमलाल की पत्नी के भी घायल होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसे खारिज किया है। घायलों की हालत गंभीर होने पर रीवा रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार बारा गांव में एक झोपड़ी में रहता था। हादसा उस समय हुआ जब वे सभी खेत में एक आम के पेड़ के नीचे खड़े थे।
यह हादसा उस समय हुआ जब मौसम खराब था। प्रदेश के कई जिलों छतरपुर, सतना, सागर, मऊगंज, राजगढ़, श्योपुर और गुना में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की खबरें सामने आई हैं। इसी खराब मौसम के चलते सीएम मोहन यादव को भी अपना छतरपुर दौरा रद्द करना पड़ा, क्योंकि जिले के गौरिहार में बना हेलिपैड पानी में डूब गया था।
