
छिंदवाड़ा। शहर में ४ जून से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा बड़ी मुहिम शुरू की जा रही है। इस बार स्थाई रूप से अतिक्रमण हटाने कार्यवाही होगी इस संबंध में नगर पालिक निगम सभा कक्ष में शनिवार को कलेक्टर शीलेंद्र सिंह के निर्देशन में एसडीएम सुधीर जैन और निगम कमिश्नर चंद्र प्रकाश राय ने बैठक ली। बैठक में पूर्व निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र मिगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में अधिकारी द्वय द्वारा बताया गया कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य शहर के यातयात व्यवस्था को सुगम बनाना तथा सडक़ को आवागमन के लिए उपयोगी बनाना है। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर से अतिक्रमण हटाने का अभियान 4 जून से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलाया जायेगा। इस अभियान के दौरान शहर के व्यस्ततम मार्गों के साथ ही मुख्य सडक़ों एवं बाजारों का स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण हटाया जायेगा। बैठक में शहर की जनता से भी अपील की गई कि ऐसे कार्य जिससे अतिक्रमण को बढ़ावा मिले न करें।
वाहनो पर भी चालानी कार्यवाही
शहर में वाहन चालक नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े कर देते हैं ऐसे वाहन चालाकों पर भी अब शिकंजा कसा जाएगा। बैठक में निर्देश दिए कि ऐसे वाहन जो सडक़ पर खड़े हो रहे है, उन पर लगातार चालानी कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही अतिक्रमणकारियों को विद्युत कनेक्शन न दिए जाए। जहां पूर्व में विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं उन्हें भी काटा जाएगा।
डिवाइडर से हटेगी होर्डिंग्स
शहर में जहां-तहां डिवाइडरों पर अवैध रूप से होर्डिंग्स और फ्लैक्स लगा दिए गए हैं इन्हें हटाने के लिए भी निगम कार्यवाही शुरू करने जा रहा है। अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ भी निगम मुहिम चलाएगा। इसके साथ ही नए हॉकर्स जोन एवं पार्किंग स्थल के लिए भी सुझाव आमंत्रित किए गए। अतिक्रमण हटाने के लिए शहर के सभी चिन्हित स्थानों में नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन संयुक्त कार्यवाही करेंगे।
बैठक के दौरान नगर पालिक निगम के सभापति प्रमोद शर्मा, राहुल बंटी उइके एवं संजीव रंगू यादव, तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, अतिक्रमण दल प्रभारी उपयंत्री दिलीप सिंह, कार्यालय अधीक्षक मोहन नागदेव तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
