
नर्मदापुरम/पिपरिया। जिले की बनखेड़ी तहसील के अंतर्गत बुधवार 9 अप्रैल 2025 की देर शाम पूर्व तहसीलदार बनखेड़ी अलका एक्का द्वारा शासकीय एसडब्ल्यूसी वेयरहाउस से बिना दस्तावेज के अवैध रूप से परिवहन करते लाखों रुपए कीमत की करीब 300 बोरी मूंग को परिवहन करते हुए ट्रक सहित पकड़ा था। मौका स्थल पर तहसीलदार को ट्रक चालक मूंग परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दे सका था। जिसके बाद पकड़े गए ट्रक क्रमांक एमपी 17 एचएच 1048 को पुलिस अभिरक्षा में बनखेड़ी थाने में खड़ा कर दिया गया। बिना दस्तावेज लाखों रुपए की मूंग परिवहन होते ट्रक सहित पकड़े जाने की खबर के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जांच के आदेश भी दिए गए। तहसीलदार बनखेड़ी द्वारा मूंग का अवैध परिवहन जपती के संबंध में प्रतिवेदन के आधार पर एसडीएम पिपरिया द्वारा जांच प्रतिवेदन जिला प्रशासन को भेज दिया गया। इसके बाद मूंग खरीदी के मामले में गड़बड़ी की खबर को लेकर पिपरिया बनखेड़ी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी मछेरा कला वेयरहाउस से बिना दस्तावेज मूंग परिवहन की घटना पर जांच सहित दंडात्मक कार्यवाही के साथ मूंग भंडारित वेयरहाउसो की सूक्ष्म जांच के भी निर्देश दिए।परंतु उक्त घटना को लेकर एक माह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई FIR दर्ज कराई गई और न ही कोई जांच रिपोर्ट सामने आई है? अब मामले को लेकर पिपरिया के पत्रकार प्रदीप कुमार राय द्वारा कलेक्टर सहित एसडीएम पिपरिया को आवेदन देकर बनखेड़ी तहसीलदार द्वारा 9 अप्रैल को मूंग सहित पकड़े गए ट्रक के मामले में जांच सहित ट्रक ड्राइवर और मालिक पर एफआईआर दर्ज की मांग की गई है।अवगत कराया कि पूरे मामले में सिर्फ वेयरहाउस प्रबंधक को निलंबित कर किया गया है। जबकि मामले में अन्य भी संदिग्ध लोग शामिल होंगे।जिन मुकद्दम और हम्माल द्वारा ट्रक में मूंग भरी गई थी,उनको भी जांच के दायरे में लिया जाना चाहिए। जबकि ट्रक में मूंग किसके आदेश पर शासकीय वेयरहाउस से भरी गई थी और मूंग कहां जा रही थी? पर आज भी सवाल है।अमानत में खयानत के इस गंभीर मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज होनी थी जो नहीं हुई? सांसद महोदय द्वारा भी आदेश दिए गए थे परंतु उसके बावजूद मात्र प्रबंधक को निलंबित किया गया। मामले में FIR होकर संपूर्ण प्रकरण की जांच होना चाहिए।
