Spread the love

जबलपुर मण्डल के स्टेशनों पर विशेष टिकट चैकिंग अभियान
जबलपुर। प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कुशाल सिंह के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के निर्देशन में जबलपुर मण्डल पर यात्रियों को ट्रेनों में अधिक भीड़ के दौरान आरामदायक यात्रा के उद्देश्य से समय-समय पर यात्री गाड़ियों एवं स्टेशनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी मे गत दिवस जबलपुर कटनी एवं सतना स्टेशनों पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक-2 शशांक गुप्ता के नेत्रत्व मे चल टिकट निरीक्षकों की टीम द्वारा सुबह 7.25 बजे से दोपहर 02.40 बजे तक टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। शशांक गुप्ता की निगरानी में चलाये गए इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन एवं ट्रेनों एवं स्टेशन के बाहर जाने वाले रास्ते की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जाँच के स्टेशन के बाहर न जा सकें। इस जांच मे आरपीएफ़ व जीआरपी का बल भी उपस्थित था।
इस दौरान कुल 3 यात्री गाडियों को जबलपुर, कटनी एवं सतना स्टेशनों पर रोककर 202 यात्रियों को पकड़कर उनसे लगभग 1 लाख 26 हजार से अधिक रुपए का रेल राजस्व एकत्रित किया गया । यात्री गाड़ियों में डेली अप डाउन करने वाले एम एस टी धारक आरक्षित कोचों मे यात्रा करते हुए पकड़े गए, एवं अनियमित टिकट लेकर तथा अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे द्वारा एक दिवसीय औचक विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस जांच के दौरान यात्री गाड़ियों के साथ ही अवैध वेंडरो, प्लेटफार्म पर आने वाले ऑटो चालक, बिना प्लेटफॉर्म टिकट लिए प्लेटफार्म पर घूमने वाले लोगों के साथ ही प्लेटफॉर्म में गंदगी करने वाले लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की भी जांच की गई।
वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक डॉ. मधुर वर्मा नें बताया कि रेलवे द्वारा प्रारंभ किया गया यह जांच अभियान और आगामी दिनों में भी विभिन्न स्टेशनों पर निरंतर चलेगा। यह जांच अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया कि सभी यात्री उचित टिकट के साथ यात्रा करें। अनियमित यात्राओं को रोकने से जहां रेल राजस्व में वृद्धि होती है, वहीं यह यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ यात्रा सुनिश्चित करता है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें | प्रतिक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट होना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *