
जबलपुर। गढ़ा बाजार की रोड चौड़ी करने को लेकर विरोध और समर्थन के बीच मंगलवार को आनंद कुंज से लेकर पंडा की मढ़िया तक सड़क की नपाई के बाद निर्माणों पर बुल्डोजर चलना शुरु हो गया| दोपहर 12 बजे जैसे ही कार्रवाई शुरु हुई वैसे ही स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया| इसके बावजूद सड़क चौड़ीकरण के दौरान बाधक बन रहे दुकानों पर बुल्डोजर चला दिया गया| बताया गया कि 22 फुट की इस रोड को 53 फुट चौड़ा किया जा रहा है| कार्रवाई शुरु होते ही स्थानीय व्यापारियों ने विरोध शुरु किया लेकिन बात नहीं बनी| एक तरफ नपाई होती रही और दूसरी तरफ बुल्डोजर निर्माणों को तोड़ने में लगा रहा|
पार्षद पर भड़के क्षेत्रीय लोग…………
क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद शेखर सोनी का मकान भी गढ़ा बाजार मेन रोड पर है और उनकी दुकान भी है| उन्होंने रोड चौड़ीकरण कार्रवाई में विपक्ष में रहते हुए भी कार्रवाई का समर्थन किया तो क्षेत्रीय जन उन पर भड़क गए| पार्षद ने जब कहा कि उनकी भी 7 फुट की जगह जा रही है सभी लोग सहयोग करें, उनकी इस बात पर कुछ क्षेत्रीय लोग भड़क गए और उन्होंने कहा कि तुम पूरी जगह दे दो लेकिन हम नहीं देंगे। हालांकि कार्रवाई में सहयोग कर रहे पार्षद सोनी ने नगर निगम पर आरोप लगाया कि जानबूझकर उनके घर की बार-बार नपाई की जा रही है।
फुटपाथ नहीं चाहिए, सड़क चौड़ी करो……………
गढ़ा विकास मंच के अरविंद दुबे का कहना है कि सड़क सिर्फ 33 फीट की बनाई जा रही है। शेष 10-10 फीट में नाली और सड़क बनाई जा रही है। जबकि फुटपाथ बनना ही नहीं चाहिए, यदि बना तो फुटपाथ का उपयोग दुकानें लगाने के लिए होगा।
पूरी दुकान चली जाएगी, रोजी-रोटी का क्या होगा………..
कुछ व्यापारियों का कहना है कि रोड चौड़ीकरण में उनकी पूरी दुकान चली जाएगी, ऐसे में उनका रोजी-रोटी का जरिया ही खत्म हो जाएगा। इसलिए रोजी-रोजगार को ध्यान में रखते हुए सड़क 53 फीट की नहीं 40 फीट की बनाई जाए ताकि किसी का धंधा चौपट न हो और रोड भी चौड़ी हो जाए।
