
मुंबई। महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का प्रसार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में राज्य भर में 98 नए मरीज दर्ज किए गए हैं, जिनमें से दो महत्वपूर्ण शहरों मुंबई और पुणे में 34-34 मरीज पाए गए हैं। जबकि पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के अंतर्गत 10 और पुणे ग्रामीण इलाकों में 4 मरीज पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 1 जनवरी से 5 जून 2025 तक राज्य में कुल 14,565 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। इनमें से 1,162 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। सबसे ज्यादा 575 मरीज मुंबई में मिले हैं, जो चिंता का विषय है। राज्य में फिलहाल 548 सक्रिय कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा अब तक 597 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। जनवरी से अब तक राज्य में 17 मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 16 अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। मृतक मरीजों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, किडनी रोग, कैंसर, ब्रेन स्ट्रोक, फेफड़ों के विकार, श्वसन रोग और तपेदिक जैसी गंभीर बीमारियां अधिक थीं। सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों का राज्य भर में सर्वेक्षण शुरू किया गया है और उनकी कोरोना जांच की जा रही है।
किस शहर में कितने मरीज?
पिछले 24 घंटों में जिन जिलों में मरीज मिले हैं। उनमें मुंबई और पुणे (34-34), पिंपरी-चिंचवड़ (10), ठाणे और पुणे ग्रामीण (4-4), सांगली और छत्रपति संभाजीनगर (3-3), कल्याण (2), साथ ही वसई-विरार, सतारा, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका क्षेत्रों में 1-1 मरीज सामने आए हैं।
