


छिंदवाड़ा। ज्येष्ठ माह में सूर्यदेवता का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। इस तपती दोपहर में तेज धूप के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने और लोगों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू लगातार पदयात्रा कर रहे है। पदयात्रा की इसी कड़ी में सांसद श्री साहू ने शुक्रवार को अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के आठ गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर 22 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए जहां ग्रामीणों से संवाद किया वहीं लोगों को सरकार द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सांसद श्री साहू ने कहा कि गांव मेरे मंदिर है और यहां निवास करने वाले ग्रामीण मेरे देवता है। उन्होंने कहा कि हम सबके मिले जुले प्रयासों से ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। सांसद श्री साहू अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सिंगोड़ी मंडल के ग्राम पिंडरई डबीर, खामीहीरा, बगलामाल, नांदिया चौक, मानेगांव, बान्द्रा ढाना चौक, पिपरिया गुमानी एवं अकलमा में विकसित भारत संकल्प पदयात्रा,मेरा गांव मेरा सांसद एवं विकसित कृषि संकल्प पदयात्रा के कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान सांसद ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक भवन एवं सी.सी.रोड के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को 2 करोड़ 42 लाख 50 हजार के कार्यो की सौगात दी है। सांसद श्री साहू ने कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी को प्रयास करना होगा। प्रधानमंत्री देश को विकसित बनाने के लिए दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे है। उनके इस पुनीत प्रयासों में हम सभी को पूरे मनोयोग के साथ सहयोग करना है। उन्होंने कार्यक्रमों में उपस्थित किसानों से संवाद किया और उन्हें शासन द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
सांसद श्री साहू ने किसानों से अपील की है कि वे रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद का उपयोग करें। उन्होंने कृषि में उन्नत तकनीक को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ ही जैविक तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सांसद श्री साहू ने विकसित कृषि संकल्प अभियान में अधिक से अधिक किसानो से भाग लेने की अपील की। उन्होंने किसानों से मिलकर उन्हें जैविक खेती अपनाने और सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की। सांसद श्री साहू ने ग्राम मानेगांव में सहकारी साख समिति खुल जाने पर खुशी जाहिर करते हुये कहा कि अब ग्रामीणों को समिति के कार्यों के लिए दूर नही जाना पडे़ेगा। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को प्रशस्ति पत्रों का वितरण भी किया और ग्रामीणों की मांग पर रंगमंच बनाने की घोषणा भी की।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों को विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह और जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में ट्रिपल इंजन की सरकार काम कर रही है। हमें खुशी है कि जिले भर में स्वीकृत हुए उप स्वास्थ्य केन्द्रों में सबसे अधिक उप स्वास्थ्य केन्द्र अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत किए गए है। इन उप स्वास्थ्य केन्द्रों के बन जाने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी। सांसद बंटी विवेक साहू क्षेत्रों के विकास में लगातार कर रहे है। उन्हीं के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यो की सौगात मिल रही है। कार्यक्रमों का संचालन मंडल अध्यक्ष सोनू सरसवार ने किया।
