Spread the love

अनियमितता पाएं जाने पर बीज अधिनियम के तहत की जाएगी कार्यवाही
नकली, अमानक बीज बनाने की हुई थी शिकायत

बालाघाट। नकली और अमानक बीज बनाने की शिकायत पर रविवार को नरहरी प्राइवेट एग्री लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। वारासिवनी के समीप ग्राम मेंहदीवाड़ा स्थित इस फर्म के गोदाम और कार्यालय में प्रशासन ने छापा मार कार्रवाई की, जहां से हजारों क्विंटल अमानक धान बीज और बीज निर्माण में प्रयुक्त धान को जब्त किया है। गोदाम और कार्यालय को सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि दो वर्षों से बीज पैकिंग का कार्य किया जा रहा था। इस मामले में संचालकों से पूछताछ की जा रही है।
कार्यवाही के दौरान मौके पर एक मेटाडोर भी पाई गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर खरीदी गई धान भरी हुई थी। गोदाम से बीज तैयार करने की गेडर मशीन, तुलाई मशीन और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। वहीं, नरहरी रिसर्च पेडी सीड्स नाम से छपे हुए खाली प्लास्टिक बैग और टुथफुल टैग भी बड़ी मात्रा में मिले हैं। पैकिंग सामग्री की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि लंबे समय से धान बीजों की पैकिंग और बिक्री का कार्य किया जा रहा था। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर छापे के बाद गोदाम और कार्यालय को सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई में फर्म के संचालक रविंद्र बिसेन (शेरपार) और भुमेश्वर पटले (खोलटोला टेकाड़ी)से पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि इस फर्म के अन्य भागीदार मौाके पर उपस्थित नहीं थे। जांच कार्यवाही में वारासिवनी के एसडीएम आरआर पाण्डे, एसडीओपी अभिषेक चौधरी, कृषि विस्तार अधिकारी प्रतिभा टेंभरे, थाना प्रभारी हेंमत नायक शामिल थे।
दस्तावेजों की करेंगे जांच – एसडीएम
एसडीएम आरआर पांडे ने बताया कि ग्राम मेहंदीवाड़ा में नरहरि सीड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गोदाम पर संयुक्त रूप से छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान पाया गया कि कंपनी के गोदाम में काफी मात्रा में धान के बीजों की पैकिंग की जा रही थी। जिसमें विभिन्न प्रकार की किस्म के धान की बीजों की पैकिंग की जा रही है। यह बीज क्षेत्र के किसानों से लिया जा रहा था। गोदाम में उपलब्ध दस्तावेजों को देखने के बाद, पैकेजिंग की प्रक्रिया को बड़ी मात्रा में देखते हुए आगामी कार्यवाही के लिए गोदाम, नरहरि सीड्स के कार्यालय को सील किया गया है। कृषि विभाग द्वारा समुचित जांच उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
बीज व्यापारी को जारी किया गया है लायसेंस
कृषि उपसंचालक राजेश खोब्रागड़े ने बताया कि फर्म को बीज व्यापारी का लाइसेंस लाइसेंस संख्या आरएस /457/1403/329/2022 दिनांक को 12 दिसंबर 2022 जारी किया गया है। बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 के प्रावधानों और इस लाइसेंस की शर्तों के अधीन श्री मेसर्स नरहरि एग्री प्राइवेट लिमिटेड निदेशक भुमेश्वर पाटले, वारासिवनी वार्ड 2, भगत सिंह वारासिवनी (एम), वारासिवनी बालाघाट को प्रयोजनों के लिए बीजों की बिक्री/ निर्यात/ आयात/ ई-मार्केटिंग और भंडारण के लिए लाइसेंस प्रदान किया गया है। लाइसेंसधारी देवेन्द्र बोपचे, भैरोगंज, वारासिवनी में बिक्री के लिए किराये के गोदाम में उपरोक्त व्यवसाय चलाएगा। जांच के दौरान फर्म संचालक को इससे सम्बंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *