Spread the love

छिंदवाड़ा । वन विभाग ने जंगल से सटे गांवों में मुनादी करवाई है। ग्रामीणों को रात में जंगल की ओर न जाने और मवेशियों को घर के भीतर बांधने की सलाह दी गई है। मवेशी के शिकार होने पर मुआवजा दिया जाएगा। यह कहना है दक्षिण वनमंडल के सौंसर परिक्षेत्र अधिकारी का। ध्यान रहे कि गर्मी के कारण जंगल में पानी और भोजन की कमी से जंगली जानवर इंसानी बस्तियों की ओर आ रहे हैं और मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं। सौंसर के हरण बेरडी, बरगाबोड़ी सहित अन्य कई ग्रामों में इन दिनों ने तेंदूए ने आतंक मचा रखा है। इन ग्रामों में तेंदूए के आतंक से दहशत बनी हुई है। वहीं वन विभाग सिर्फ मुनादी कर रहा है। वन विभाग की तरफ से तेंदुए को पकडऩे के लिए कोई खास उपाय नहीं किए गए हैं। इसको पकडऩे के विभाग के सारे प्रयास विफल रहे हैं। तेंदुआ बार-बार स्थानीय लोगों के सामने भी आ रहा है पर वन विभाग मुनादी करवाकर अपना काम खत्म समझ लेता है। इस तेंदूए ने पिछले दिनों मोहगांव क्षेत्र के एक पोल्ट्रीफार्म में घुसकर कई मुर्गियों को खा गया था, इसी के बाद से तेंदूआ यहां के ग्रामों में घूम रहा है। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों को दी। वन अमला मौके पर भी पहुंचा, लेकिन उन्हें तेंदूआ कहीं नजर नहीं आया। गांव वालों ने तेंदुए को पकडऩे की मांग वन विभाग से की है। तेंदुए के लगातार इस इलाके में रहने से ये माना जा रहा है कि उसने इस इलाके को अपना घर बना लिया है। यही कारण है कि वो बार-बार लोगों के सामने आ रहा है। मामले में परिक्षेत्र अधिकारी शिवकुमार चतुर्वेदी का कहना है कि आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है। लोगों को अकेले न निकलने की सलाह दी गई है। जरूरी काम होने पर समूह बनाकर निकलने कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *