
छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना अंतर्गत रेलवे कुकड़ा कॉलोनी में मेहमानी में आए एक युवक ने अपनी बहन के घर फांसी लगकार जान दे दी। युवक ने किन परिस्थिति में फांसी लगाई है इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। मामले में कोतवाली पुलिस ने बताया कि मुंबई के नाला सुपारा निवासी रविशंकर पिता रामप्रसाद कोलारे (५४) पिछले दिनों अपनी रेलवे कुकड़ा में रहने वाली बहन के घर मेहमानी में आया हुआ था। शनिवार की दोपहर रविशंकर का परिवार शहर से बाहर गया था और बहन-भाई घर में थे। इस दौरान उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली, जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो बहन ने कमरे में जाकर देखा तो वह फांसी के फंदे पर झूल रहा था। परिजनों ने उसे स्थानीय लोगों की मदद से फंदे से उतारकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि उक्त व्यक्ति किन परिस्थिति में फांसी लगाई है। इसका खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
