
फर्जी रसीद तैयार कर ग्राहकों से वसूली थी राशि, पुलिस ने किया गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। कोतवाली पुलिस ने फायनेंस कंपनी में 14 लाख से अधिक की राशि का गबन कर धोखाधड़ी करने वाले एजेंट का गिरफ्तार कर लिया है। वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से मशरूका जब्त कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। टीआई आशीष धुर्वे ने बताया कि प्रार्थी आशीष पिता स्व. प्रेमचंद पाण्डेय निवासी ईएलसी चौक जो हिंदुजा फाईनेस लिमिटेड कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी कंपनी का एजेंट रितिक कोसे पिता दिनेश कोसे निवासी दुनावा बैतूल ने हिंदुजा फाईनेस लिमिटेड कंपनी में कार्यरत होने के साथ ग्राहकों को वाहन के एवज में फाईनेंस कंपनी की रिकवरी के रूपए ग्राहकों से लेकर उन्हें फर्जी रसीद देकर कंपनी के साथ १४ लाख ६४ हजार ३८७ रूपए का गबन किया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला जांच में लिया और जांच के दौरान पुलिस दुनावा पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। टीआई ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रितिक पिता दिनेश कोसे ने पूछताछ में बताया है कि उसने स्वंय के उपयोग व इलाज के लिए पैसे की जरूरत होने के कारण ग्राहकों से किस्त की राशि लेकर उनको फर्जी रसीद तैयार कर दी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 316(5), 318(4), 338, 336(3) बीएनएस का अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी के कब्जे से 1 मोबाइल फोन, 15 पेज के फर्जी (जाली) दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में टीआई के अलावा उनि नारायण सिंह बघेल, प्रआर. युवराज रघुवंशी, आर राकेश बघेल, वीरेन्द्र सनोडिया शामिल थे।
