
2 आरोपियों से डेढ लाख का मश्रुका बरामद
खरगोन। गोदरेज अलमारी का खराब ताला सुधारने के दौरान परिवारवालों का ध्यान भटकाकर लॉकर तोड़कर लाखों रुपए के गहने चुराने वाले शातिर चोर पुलिस गिरफ्त में पहुंच गए है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपए का मश्रुका भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर पूर्व में भी कई अपराध दर्ज है। दोनों गली- मोहल्ले में फेरी लगाकर ताला- चॉबी सुधारने के बहाने मौका पाकर चोरियों को अंजाम देते थे।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 5 जून को ग्राम पाडल्या निवासी अमित ने हेलापडावा पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 मई को दो लोग उनके घर पर गोदरेज अलमारी का खराब लॉक सुधारने आए थे। उन्हें उनकी माताजी ने बुलाया था। थोड़ी देर के बाद दोनों बोले की हमने ताले के ऊपर तेल में डूबा हुआ रुई का टुकड़ा रखा है, जिसे आप 2.3 घंटे के बाद हटाना जिसके बाद ताला ठीक हो जाएगा। इतना कह कर वो दोनों व्यक्ति वहां से चले गए।
शाम को जब हमने ताला खोला तो अलमारी के अंदर का लाकर टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और एक हजार रुपए नकद गायब थे। अपनी रिपोर्ट में अमित ने ताला ठीक करने वालों पर आशंका जताई थी, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की तलाश शुरु की गई।
दोनों संदेहियों के हुलिये व उनके बारे में सम्पूर्ण जानकारी जुटाने के बाद संभावित रास्तों के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए जिसमें दोनों संदेहियों को अंबा निवासी महेश चावला सिकलीगर व गारी निवासी जगन जुनेजा सिकलीगर के रुप में चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। दोनों ने चोरी करना कबूल करते हुए उनकी निशानदेही पर सोने व चांदी के सम्पूर्ण आभूषण जिनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए के बरामद किए गए। महेश पर बेडिय़ा थाने पर आम्र्स एक्ट और जगन पर भगवानपुरा, बोडा जिला राजगढ, थाना बालेसर जिला जोधपुर राजस्थान और बिस्टान थाने पर आम्र्स एक्ट के पूर्व से मामले दर्ज है।
