Spread the love

इन्दौर । लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी सुनील परमार को रिश्वत लेने किसान के घर पहुंचने और रिश्वत की राशि के लिए किसान को धमकाने के बाद उस पर एफआईआर दर्ज की है। मामले में बताया जा रहा है कि पटवारी सुनील परमार ने किसान के घर पहुंचने के बाद किसान की पत्नी के फोन से किसान को फोन लगाकर धमकी दी थी किसान ने उसे रिकार्ड कर लोकायुक्त को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद रिकार्डिंग की जांच कर लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत मांगने वाले पटवारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। मामले में लखन पाटनी, निवासी खंडवा नाका ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर‌ राजेश सहाय को आवेदन देकर बताया कि, मेरी ग्राम देवराखेड़ी, देपालपुर में कृषि भूमि है। जिसका सीमांकन कार्य अप्रैल में हो चुका है। सीमांकन कार्य के पूर्व से ही पटवारी सुनील परमार द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। मेरे पास राशि की व्यवस्था नहीं होने से तब नहीं दे पाया था। इस पर उसने घर आकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। लखन पाटनी ने लोकायुक्त को आवेदन में बताया कि पिछले दिनों पटवारी सुनील परमार मेरे घर आया। मैं नहीं मिला, तो मेरी पत्नी से फोन लगवाकर 7000 रुपए रिश्वत मांगी। मैने यह बातचीत रिकॉर्ड कर ली। लखन पाटनी ने पटवारी सुनील परमार से फोन पर हुई बातचीत, जो उसने मेमोरी कार्ड में सेव कर ली थी, वह जांचकर्ता उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान को प्रस्तुत की। इस रिकॉर्डिंग के आधार पर 7000 रुपए रिश्वत मांगने की बात स्पष्ट हो गई। जिसके बाद पटवारी सुनील परमार के खिलाफ इस साक्ष्य के आधार पर धारा-7 पीसी एक्ट 1988, संशोधन 2018 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *