Spread the love

एसपी नगेंद्र सिंह ने दिया अपना प्रभार
बालाघाट। नए पुलिस कप्तान के रुप में वर्ष 2018 बैच के आइपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा ने बुधवार को विधिवत प्रभार ले लिया है। वर्ष 2014 बैच के आइपीएस अधिकारी व बालाघाट एसपी नगेंद्र सिंह ने उन्हें अपना प्रभार दिया। इस दौरान दोनों ही अधिकारियों के बीच विभागीय चर्चा भी हुई। वहीं अन्य पुलिस अधिकारियों ने नवागत एसपी आदित्य मिश्रा का स्वागत भी किया।
जानकारी के अनुसार आदित्य मिश्रा वर्ष 2018 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पूर्व वे बालाघाट जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैहर और एएसपी नक्सल ऑपरेशन के रुप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बालाघाट में पदस्थापना के दौरान उन्होंने नक्सल उन्मूलन के अनेक महत्वपूर्ण ऑपरेशन में हिस्सा लिया। उनके इस उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें दो बार वीरता पदक से सम्मानित भी किया जा चुका है। इसके अलावा जिले के बहुचर्चित डबल मनी मामले में सफल कार्यवाही की। बालाघाट से तबादला होने के बाद उन्हें इंदौर में पुलिस उपायुक्त बनाया गया। जहां से वर्ष 2024 में आईपीएस आदित्य मिश्रा को राजगढ़ की कमान सौंपी गई। 4 जून को प्रदेश सरकार ने आइपीएस मिश्रा को बालाघाट के एसपी की कमान सौंपी हैं।
बालाघाट के एसपी वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी नगेंद्र सिंह का बालाघाट में कार्यकाल महज दस माह का ही रहा है। एसपी नगेंद्र सिंह का कार्यकाल भी उत्कृष्ट रहा है। इनके कार्यकाल में कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 62 लाख रुपए के 4 इनामी महिला नक्सलियों को मारा गया था। आइपीएस नगेंद्र सिंह का तबादला भोपाल कर दिया गया है। उन्हें 25 वीं वाहिनी विसबल भोपाल की कमान सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *