Spread the love

भोपाल। लोकायुक्त टीम ने भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथो दबोचा है। शिकायतकर्ता ने 4 महीने पहले अपने मकान के नामांतरण का आवेदन दिया था। लेकिन बाबू बिना रिश्वत लिए नामांतरण नहीं होने दे रहा था। आखिरकार परेशान होकर फरियादी ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। शिकायत की जांच में रिश्वत की मांग सही पाये जाने पर शुक्रवार दोपहर टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। मिली जानकारी के मुताबिक बैरसिया रोड पर रहने वाले घनश्याम राठौर ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि उनके मकान के नामांतरण करने के बदले बीडीए का बाबू शहाब उद्दीन सिद्दीकी फीस से अलग 10 हजार रुपए देने की मांग कर रहा है। जब उन्होनें उसे रकम नहीं दी तब बीते चार महीने से उनके काम को अटका रखा हुआ है। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिये प्लान बनाया। बाद में शुक्रवार को टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *