Spread the love

वनों को अतिक्रमण से बचाने सीमा सुरक्षा अभियान

जबलपुर। शहरी सीमा से लगे वन क्षेत्रों में बढ़ते कब्जे और अतिक्रमण को लेकर वन मंडल जबलपुर के द्वारा एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान को वन मंडल कार्यालय ने नाम दिया है ‘सीमा सुरक्षा’। दरअसल, वन भूमि में मुनारे समय के साथ मिट गए हैं। जिसके चलते वन भूमि में ज्यादातर किसान खेती करने लगते हैं। इसके बाद मकान का निर्माण हो जाता है। चूंकि आबादी वाले क्षेत्रों का विस्तार भी हो रहा है। लिहाजा कई मामलों में राजस्व अमले की लापरवाही के चलते भी वन भूमि में अतिक्रमण हो जाते हैं।
वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्र ने बताया कि 22 जून तक वन सीमा सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान वन भूमि में किए गए अतिक्रमणों को सख्ती के साथ हटाया जाएगा।
साथ ही सीपीटी खुदवाकर मार्किंग की जाएगी, ताकि वन भूमि की पहचान हो सके । अभियान के पहले ही दिन बरगी में बड़ी कार्यवाही की गई। जिसमें अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन से अतिक्रमण हटाया गया।
वन सीमा सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन वन परिक्षेत्र बरगी में कार्यवाही को अंजाम दिया गया। यहां कलादेही के अंतर्गत ग्राम टेडिया नाला से लगे वन कक्ष क्रमांक पीएफ 208, पीएफ 210 में अवैध रूप से अतिक्रमित लगभग 10 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्यवाही के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी बरगी वर्षा सिंह बिसेन,परिक्षेत्र शहपुरा तथा पुलिस थाना बरगी मौजूद था। जमीन को सीपीटी खुदवाकर सुरक्षित किया गया। अतिक्रमण में उपयोग किए गए तार फेंसिंग एवं बल्लियों को जप्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *