
नवेगांव थाना क्षेत्र का मामला, अनुभाग में एक सप्ताह में दूसरा मामला
छिंदवाड़ा। आदिवासी अंचल में नाबालिगों से ज्यादती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर आदिवासी नाबालिग के साथ ज्यादती का दूसरा मामला सामने आया है। इसके दो दिन पहले में तामिया में एक युवक और एक अपचारी बालक द्वारा ज्यादती की घटना को अंजाम दिया गया था। अब नाबालिग आदिवासी के साथ ज्यादती कर दूसरा मामला जुन्नारदेव के नवेगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आया है। घटना का पता परिजनों को तब चला जब बेटी गर्भवती हो गई। परिजनों के साथ पीडि़ता थाना पहुंची और उसने अपने साथ ही इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद इस मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ ज्यादती, पाक्सो एक्ट सहित एससी, एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि दोनों आरोपी अब तक पुलिस पकड़ से बाहर है। रविवार देर शाम पुलिस की एक टीम आरोपियों को पकडऩे रवाना की गई है। ज्यादती की घटना को अंजाम देने वाला एक आरोपी पीडि़ता का रिश्ते का मामा बताया जा रहा है। मामले में नवेगांव थाना प्रभारी महेन्द्र शाक्य ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली एक १३ वर्षीय नाबालिग ने परिजनों के साथ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बड़ी मां का भाई जो उसके रिश्ते में मामा लगता है। अक्टूबर माह में मिस्त्रीगिरी का काम करने के लिए बैतूल के बोरदई रंगाढाना से गांव में आया था और उसी के घर में रह रहा था। घर पर रहने के चलते मामा की बुरी नजर उस पर थी। उसने उसे बहला-फुसलाकर अक्टूबर २०२४ में उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद गांव के ही दूसरे युवक उमेश पिता मांगरिया यदुवंशी ने भी उसके साथ ज्यादती की थी। शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी करेगी प्रदर्शन
इस मामले का परिवार वालों को तब पता चला जब बेटी गर्भवती हो गई। इसके बाद उनके होश उड़ गए और उन्होंने घटना को लेकर पीडि़ता से पूछताछ की, जिसमें उसने रिश्ते के मामा और गांव के एक युवक द्वारा उसके साथ ज्यादती की बात बताई। तब परिजनों ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं के नेतृत्व में थाना पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस घटना को जनजातीय समाज पर सुनियोजित सांस्कृतिक व लैंगिक हमले की संज्ञा देते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जुन्नारदेव मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन की घोषणा की है।
