
छिंदवाड़ा। हमेशा की तरह एक बार फिर शनिवार को पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा में चूक के कारण गांजा तस्कर का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के इस तरह फरार हो जाने के बाद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। मामला लोधीखेड़ा थाने का है। यहां शनिवार आधीरात को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अभिरक्षा से उक्त आरोपी भाग निकला, आरोपी के भागने के बाद पुलिस ने चारों नाकाबंदी कर दी और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश करती रही। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गांजा तस्कर के आरोपी को भागने के आठ घंटे बाद ही दबोच लिया। मामले में मिली जानकारी के अनुसार लोधीखेड़ा निवासी सुनील पिता बलीराम भारती (३८) को शनिवार को लोधीखेड़ा पुलिस ने १ किलो ३०८ ग्राम गांजा के साथ पकड़ा था और पुलिस उससे पूछताछ कर ही रही थी कि इस बीच आधीरात को बाथरूम जाने का बहाना बनाकर बाहर निकला और दौड़ लगा दी जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना के बाद पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच सूचना मिली कि आरोपी अपने घर के पास ही छिपा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया। मामले में लोधीखेड़ा पुलिस ने बताया कि आरोपी सुनील भारती को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ धारा २६२ बीएनएस के अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस पूरे प्रकरण में एएसआई श्याम सिसोदिया और आरक्षक भागश्री की सराहनीय भूमिका रही
