
नशे के आदियों को 100 रुपए में बेचता था एविल इंजेक्शन
अशोकनगर। कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के इंदिरा पार्क निवासी मनोज शर्मा (32) को 400 एविल इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी के पास से एक कार्टून में भरे इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि वह इन्हें ललितपुर की एक मेडिकल स्टोर से लाता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह खुद भी नशा करता है। वह 25-30 रुपए में एक इंजेक्शन खरीदकर नशेड़ियों को 100 रुपए या इससे अधिक में बेचता था। ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र शर्मा ने बताया कि यह इंजेक्शन नींद लाने का काम करता है। नशेड़ी लोग नशा न मिलने पर इसका इस्तेमाल करते हैं। इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह इंजेक्शन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं दिया जा सकता। डॉक्टर इसका प्रयोग शरीर में इंफेक्शन होने पर करते हैं।
