Spread the love

उपसरपंच से रोड़ के लिए मांगे पन्द्रह हजार
इन्दौर । लोकायुक्त पुलिस इन्दौर ने एक ट्रैप कार्रवाई करते वन विभाग के डिप्टी रेंजर मोहम्मद खान को उप सरपंच से पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वन क्षेत्र में सड़क निर्माण की अनुमति के लिए डिप्टी रेंजर मोहम्मद खान ने सरपंच से रिश्वत मांगी थी जिसकी शिकायत सरपंच ने लोकायुक्त को की थी। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार फरियादी उप सरपंच संजय जाधव निवासी ग्राम पंचायत मांडवा ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के ग्राम हसनपुर से ग्राम मांडवा के बीच नाले पर पुलिया और उसके दोनों ओर उसे जोडने के लिए कुल 70 मीटर रोड का निर्माण होना था। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इसकी स्वीकृति वन मंडलाधिकारी बुरहानपुर से प्राप्त हो चुकी थी। पुलिया का निर्माण कार्य और 60 मीटर रोड़ का निर्माण कार्य हो चुका है। पुलिया के दोनों ओर पुलिया को जोड़ने के लिए आरसीसी रोड़ का लगभग 10 मीटर का निर्माण शेष रह गया है। उक्त पुलिया व 70 मीटर रोड़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आती है। शेष 10 मीटर निर्माण कार्य पूर्ण करने एवं पूर्व में हो चुके 60 मीटर के निर्माण करने के बदले आरोपी डिप्टी रेंजर वन ग्राम मांडवा मोहम्मद ख़ान ने 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस इंदौर से की थी। एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार आरोपी डिप्टी रेंजर ने सोमवार को फरियादी को वन चौकी मांडवा पर रिश्वत के पैसे लेकर बुलाया था। दोपहर में फरियादी ने जैसे ही आरोपी डिप्टी रेंजर को पांच हजार रुपए की रिश्वत दी, वैसे ही लोकायुक्त इंस्पेक्टर राहुल गजभिये के नेतृत्व में टीम ने उसे धर दबोचा और उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *