
पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उइके के हस्ते हुई सम्मानित
छिंदवाड़ा – भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति आयोग द्वारा आयोजित “एलटीबी राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार – 2025 कार्यक्रम में छिंदवाड़ा की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि नेमा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पूर्व राज्यपाल एवं निक्षय मित्र माननीय अनुसुइया उइके जी के कर – कमलों से प्रदान किया गया।
गरिमामय अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवी सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक एवं नगर पालिक निगम स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर दीपक राज जैन एवं अलका शुक्ला सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, आयुष विभाग के प्रतिनिधि तथा चिकित्सा जगत के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आपको बता दें कि डॉ. रश्मि ने छिंदवाड़ा एवं जयपुर में 501 लेटेन्ट ट्यूबरकुलोसिस स्कैन कर “एंड एलटीबी” अभियान को नई दिशा और गति प्रदान की। उनके द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियानों एवं अथक प्रयासों ने राष्ट्रीय स्तर पर अभियान को मजबूती दी। प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया डॉ. रश्मि नेमा को ‘एंड एलटीबी’ अभियान में उनके अद्वितीय योगदान हेतु यह सम्मान प्रदान किया जाता है। 501 स्कैन कर इस अभियान को नई दिशा देना आपकी जागरूकता एवं समर्पण प्रेरणादायक है।
डॉ. रश्मि नेमा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, मार्गदर्शकों और सहयोगियों को देते हुए कहा कि आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना है। यदि इसे राष्ट्रीय अभियानों से जोड़ा जाए, तो यह देश को रोगमुक्त बनाने मेें सशक्त माध्यम बन सकता है।
यह सम्मान न केवल छिंदवाड़ा, बल्कि पूरे आयुर्वेद समुदाय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
