
शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर इसे बच्चों को और बेहतर तरीके से पढ़ाने के कार्य को करे- कलेक्टर श्रीमती पटले
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने कक्षा पहली एवं दूसरी पढ़ाने वाले शिक्षकों का 3 दिवसीय गणित, हिंदी एवं अंग्रेजी रिफ्रेशर प्रशिक्षण डाइट सभागार नरसिंहपुर में पहुंचकर अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री दलीप कुमार मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय स्तर पर बुनियादी शिक्षा के लिए बच्चों के साथ मेहनत करें। प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है, जब आप सभी प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चों के शिक्षण में इसको अपनायेंगे। सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने कहा कि जो शिक्षक इस प्रशिक्षण से वंचित रह गये हैं। उन्हें अगले बेच में प्रशिक्षित करें। इस दौरान कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने यहाँ बैठकर शिक्षकों के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से विषयों से संबंधित प्रशिक्षण के मॉड्यूल को देखा। जिला परियोजना समन्वयक ने शिक्षकों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वे अभ्यास पुस्तिका की नियमित जांच एवं त्रुटियों के सुधार करें। साथ ही शिक्षण के दौरान गतिविधि आधारित शिक्षण के लिए कहा। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा जिले की समस्त विकासखंडों में एफएलएल कक्षा पहली व दूसरे में अध्ययन कराने वाले शिक्षकों को दो दिवसीय गणित का प्रशिक्षण देने के निर्देश जारी किये गये थे। जिला शिक्षा केन्द्र नरसिंहपुर द्वारा एक दिवसीय हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा ज्ञान का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भोपाल से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर द्वारा दिया जा रहा है। इस अवसर पर प्राचार्य डाइट एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री एमएस खान, निपुण प्रोफेशनल श्री पीयूष चौपावार, एपीसी अकादमिक श्री समीर त्यागी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे।
