Spread the love

बागपत। यूपी के बागपत में युवती के घरवालों ने उसके प्रेमी की जमकर धुनाई लगाई। बता दें प्रेमी के भाई की शादी का जश्न चल रहा है, वहीं रविवार को प्रेमिका के भाई की हल्‍दी की रस्‍म चल रही थी। इसी दौरान युवक उससे मिलने उसके घर पहुंच गया। यह देखकर परिजन गुस्से से लाल हो गए। सभी ने युवक को पहले रस्सियों से बांधा फिर उसकी लाठी और डंडों से जमकर पिटाई की। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जान बचाई। युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक युवक का पड़ोस में रहने वाली युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवती के भाई की हल्दी की रस्म के दौरान युवक उससे मिलने वहां पहुंच गया। परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने युवक को पकड़कर कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद उसे रस्सियों से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। युवती को भी दूसरे कमरे में बंद कर दिया। हंगामा होने पर युवक के भाई ने डॉयल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया और उसे कोतवाली ले गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक के भाई का कहना है कि उसका भाई दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे पकड़कर घर में खींचकर ले गए और बांध दिया उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हमलावर पक्ष ने पुलिस को एक पिस्टल भी सौंपी है। उनका कहना है कि यह पिस्टल आरोपी युवक की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि युवक ने घर में घुसकर दूल्हे के भाई पर पिस्टल तानी थी, जिसके बाद उससे पिस्टल छीनकर उसे बांध दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *