
पिता के साथ सो रहे बेटे ने मचाया शोर तो सभी आरोपी पकड़ाए
रोहतास। आजकल पत्नियों द्वारा पति की हत्या करने या करवाने के मामले ज्यादा सुने जा रह हैं । अब ऐसा मामला बिहार में रोहतास जिले के ईदगाह मोहल्ला में एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मृतक की पत्नी रेशमा समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर किया है। घटना 23 जून रात की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि देर रात डेहरी नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि ईदगाह मोहल्ला में एक महिला ने दो लोगों के साथ मिलकर अपने पति अशरफ की हत्या कर दी है। सूचना के आधार पर पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति छत से कूदकर और दूसरा दरवाजे से भागने लगा, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। मौके पर तलाशी ली तो कमरे से मृतक अशरफ का शव बरामद हुआ।
पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि हत्या में मृतक की पत्नी रेशमा भी शामिल है, जिसे हिरासत में लिया गया है। तीनों आरोपी इश्तेखार हसन जो महिला का प्रेमी बताया जा रहा है, उसके साथ जमशेद और रेशमा ने पुलिस पूछताछ में अपना जु र्म कुबूल कर लिया है।
एसपी ने बताया कि इश्तेखार और रेशमा के बीच पिछले कई सालों से प्रेम संबंध था। इस बात की जानकारी जब रेशमा के पति अशरफ को हुई तो उसने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिससे रेशमा को तिरस्कार झेलना पड़ा। इसके चलते उसने प्रेमी इश्तेखार से साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इश्तेखार वर्तमान में कोलकाता में रह रहा था। हत्या की योजना के तहत वह 22 जून को अपने दोस्त जमशेद को लेकर डेहरी आया और स्टेशन पर ही रुक गया। रात करीब 1 बजे रेशमा ने फोन कर दोनों को घर बुलाया और पति की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं, बगल के कमरे में सो रहा मृतक का पुत्र शोर सुनकर उठ गया, जिसके बाद आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए फिर इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
