Spread the love

जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार
बालाघाट। हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम तिवड़ीकला के वार्ड क्रमांक 15 में कुछ लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण बारिश और नाले के पानी की निकासी बाधित हो गई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को ग्रामवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ हो चुकी है और नाले का पानी पूर्व में खेतों व नहर की ओर निकलता था, लेकिन गांव के ही दो व्यक्तियों ने रास्ते पर अतिक्रमण कर मिट्टी व कूड़ा डालकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पानी जमा होकर गलियों में भरने लगा है, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में पानी की निकासी नहीं होने से आवागमन में काफी दिक्कतें होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, जल निकासी की व्यवस्था बहाल की जाए और दोषी व्यक्तियों पर कानूनी कार्यवाही की जाए। स्थायी समाधान के लिए पक्की नाली निर्माण पर विचार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *