Spread the love

मालिक गोलू मेश्राम के खिलाफ मामला दर्ज, खैरलांजी थाना पुलिस की कार्यवाही
बालाघाट। जिले में रेत के अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खैरलांजी थाना पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्यवाही करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को 24 जून को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम भौरगढ़ स्थित मरघट के पास वैनगंगा नदी में रेत का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और एक ट्रैक्टर ट्रॉली को रेत से भरा पाया।
मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम सोहिल पिता बलीराम राउत (20 वर्ष), निवासी भौरगढ़ बताया। पुलिस ने जब रेत के खनन व परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह रेत गोलू मेश्राम निवासी भौरगढ़ के निर्देश पर लाई जा रही थी।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मालिक गोलू मेश्राम के विरुद्ध भी अवैध खनन और परिवहन की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। जब्त ट्रैक्टर को खैरलांजी थाना परिसर में खड़ा किया गया है।
पुलिस एवं प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में अवैध रेत खनन पर पूर्ण रूप से अंकुश नहीं लग पाया है। वैनगंगा नदी सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध खनन के कई मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे न केवल प्राकृतिक संसाधनों की क्षति हो रही है बल्कि सरकारी राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *