
शिलॉन्ग। मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सभी को हैरान कर दिया है। पुलिस ने एक महिला, उसके प्रेमी और दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।
मृतक पिरोट आर. मराक की पत्नी नेनेन आर. मराक, उसके प्रेमी रेकिनन के. संगमा और उसके दो भाइयों- सेंगबा आर. मराक व लेप्सन आर. मराक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, 7 मई को मृतक पिरोट मराक के भाई ओमान मराक ने टिकरिकिला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने अपने भाई की मृत्यु को संदिग्ध बताया। एफआईआर के अनुसार, पिरोट की शादी नेनेन मराक से हुई थी, लेकिन उनका वैवाहिक जीवन ठीक नहीं चल रहा था। इसकी वजह पत्नी नेनेन का अपने ही गांव के रहने वाले 44 वर्षीय रेकिनन के. संगमा से कथित अवैध संबंध था। यह संबंध सिर्फ परिवारों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि पूरे गांव को इसकी जानकारी थी और इसे लेकर दोनों परिवारों में कई बार विवाद भी हुआ था।
एफआईआर में बताया गया कि 14 अप्रैल को नेनेन अपने प्रेमी रेकिनन के साथ घर से भाग गई थी, लेकिन चार दिन बाद वह लौट आई। इस घटना से पिरोट मानसिक रूप से टूट चुका था। अगले दिन यानी 15 अप्रैल को परिवार को सूचना मिली कि पिरोट की अचानक मौत हो गई है। मौत के तुरंत बाद उसका शव घर के पीछे ही दफना दिया गया। पिरोट के भाई को गांव में यह अफवाह सुनने को मिली कि उसकी मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि इसके पीछे उसकी पत्नी, उसका प्रेमी और दोनों साले शामिल हो सकते हैं। कोर्ट के आदेश पर 12 जून को शव को कब्र से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 22 जून को पुलिस को मिली रिपोर्ट में पिरोट के गले और गुप्तांगों पर चोट के निशान पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने नेनेन, रेकिनन और दोनों भाइयों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पूरा रेंगिग्रे गांव इस घटना से स्तब्ध है।
