
शहपुरा थाना पुलिस पर गंभीर आरोप, एसपी से शिकायत
जबलपुर। शहपुरा के एक दबंग द्वारा शहपुरा थाना पुलिस से मिलीभगत कर एक महिला और उसके परिजनों को न सिर्फ प्रताडि़त किया जा रहा हैं बल्कि थाने में मारपीट भी की गई। यह आरोप लगाते हुए इस मामले में अजाक्स संघ द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक हस्ताक्षरित शिकायत सौंपी गई। हस्ताक्षरित शिकायत में आरोप लगाया गया हैं कि क्षेत्र का एक दबंग न सिर्फ गाली गलौच, अभद्रता, जातिसूचक शब्दों से एक महिला एवं उसके परिवार पर अत्याचार कर रहा हैं बल्कि पीडि़तों के थाने पहुंचने पर दबंग के दबाव में थाने में पदस्थ एक एसआई ने मामला दर्ज न कर अपराधी से मिलीभगत कर उल्टे पीडि़त परिवार के साथ थाने में मारपीट कर दी। मेहरा (झारिया) समाज के वरिष्ठों व अजाक्स संघ के नगर निगम अध्यक्ष अमित मेहरा के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यलय में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मेहरा (झारिया) समाज के शहपुरा निवासी पीडि़तों के साथ जातिसूचक शब्दों व गाली गलौच करते हुए थाने में एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। पीडि़ता ग्राम भीटा, शिवनगर, शहपुरा निवासी रश्मि मेहरा पति अटठू मेहरा ने हस्ताक्षरित शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी सोबू ठाकुर के द्वारा श्रीमति मेहरा एवं उनके परिवार के साथ गाली गलौच, अभद्रता, जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर, छीना झपटी एवं घर में घुसकर सामान की तोड़-फोड़ कर घर में आग लगाते हुए पीडि़ता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। अजाक्स संघ के पदाधिकारियों के साथ पहुंची पीडि़ता ने आरोप लगाया कि इस मामले में शिकायत लेकर जब वह अपने परिवार सहित थाना शाहपुरा पहुंची तो कथित तौर पर आरोपी शहपुरा थाने में पदस्थ एसआई दिनेश लोधी के द्वारा आवेदिका के पति के साथ मारपीट एवं गाली गलौच कर आवेदिका की शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया गया। अजाक्स संघ व मेहरा (झारिया) समाज ने हस्ताक्षरित ज्ञापन में आग्रह किया कि इस प्रकार के कथित तौर पर खतरनाक आरोपी सोबू ठाकुर एवं एसआई दिनेश लोधी पर तत्काल जांच कराकर उचित कार्रवाई करते हुए पीडि़त परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि भय का माहौल निर्मित न हो सके। संघ ने दो टूक कहा कि यदि इस विषय में जल्द कोई कार्रवाई न की गई तो अजाक्स संघ व मेहरा (झारिया) समाज सड़को पर आंदोलन के लिए विवश होगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन एवं पुलिस की होगी। ज्ञापन सौंपते हुए अजाक्स संघ व अंतराष्ट्रीय मेहरा समाज युवा प्रकोष्ठ अमित मेहरा, वरिष्ठ समाजसेवी राजेन्द्र मेहरा, एड. रजनी झारिया वरिष्ठ पत्रकार हरि मेहरा, अजय झारिया सहित समाज अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
