Spread the love

75 हजार रुपए के बच्चों के खेल बैंक के नोट थमाए, आरोपी धराया
जबलपुर। गोहलपुर में लोगों की सतर्कता से कई लोग ठगी का शिकार होने से बच गए। एक शातिर ठग ने जादू टोना से रुपए 4 से 6 गुना करने का प्रलोभन देकर एक युवक से 15 हजार रुपए की ठगी कर उसे 75 हजार रुपए बोलकर गड्डियां थमा दी और चलता बना। नोटो की जांच करने पर पीडि़त ने पाया कि नोटों के बंडल में ऊपर नीचे 5 सौ रुपए के असली और बीच में 148 नोट बच्चों के बैंक के नकली नोट थे। पीडि़त ने स्थानीय जनों की मदद से आरोपी को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर मामला विवेचना में लिया हैं।
पुलिस के अुनसार इस मामले में मंगलवार दोपहर आनंद नगर थाना टाउन जिला भोजपुर निवासी 18 वर्षीय अनिकेत राय अपने साथी शिवलगन के साथ आरोपी ग्राम कंजई लालबर्रा जिला बालाघाट निवासी 27 वर्षीय विनय उर्फ विनू रहंगडाले पिता नितिन को लेकर थाने पहुंचे। अनिकेत ने पुलिस को बताया कि एक लड़के ने उसके मोबाइल पर कॉल कर बताया कि वह जादू टोना के माध्यम से रुपय 4 से 6 गुना कर देता हैं। मंगलवार सुबह 9 बजे अनिकेत अपने साथी शिवलगन के साथ लेमा गार्डन आरोपी से मिलने आया था और उसकी बातों में आकर आरोपी को 15 हजार रुपए दे दिए। आरोपी विनय उर्फ विनू ने इसके बाद कुछ तंत्र-मंत्र विधाएं की और रुपयों की मोटी गड्डी निकालकर उसे दे दी। गड्डी देते हुए आरोपी विनय उर्फ विनू ने कहा कि उसने उसकी 15 हजार रुपए 75 हजार रुपए में बदल दिए हैं। रुपए की गड्डी के आगे और पिछले हिस्से में 5-5 सौ रुपए के असली नोट लगे थे। आरोपी विनय उर्फ विनू गड्डी देते ही जाने लगा उसी समय अनिकेत और अन्य ने गड्डी में चारों तक से लिपटी पन्नी को खोलकर देखा तो गड्डी में आगे पीछे के नोट तो असली से जबकि बीच के शेष 148 नोट बच्चों के खेलने में काम आने वाले भारतीय बच्चों के बैंक के 5-5 सौ रुपए के नकली नोट थे। अनिकेत और साथी ने तलाश की तो आरोपी विनय उर्फ वीनू अमखेरा रोड, गोहलपुर में मिला। जिसे अनिकेत ने अपने साथी की मदद से पकड़ा। रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी विनय उर्फ विनू रहंगडाले पिता नितिन उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कंजई लालबर्रा जिला बालाघाट को अभिरक्षा में लेते हुये प्रकरण विवेचना में लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *