
गुना। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर गुना पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत चांचौड़ा थाना पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा महेन्द्र गौतम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार साहू और उनकी टीम ने अलग-अलग पांच प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे आठ स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच चांचौड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज विभिन्न मामलों में आरोपी लगातार न्यायालयीन कार्यवाही से फरार चल रहे थे, जिनके विरुद्ध न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किए गए थे। इनमें ग्राम समेली भोज के वीरम सिंह, रामचरण और विजय उर्फ बने सिंह, ग्राम पेंची के भामा उर्फ हेमराज, ग्राम नारायणपुरा के रमेश अहिरवार, ग्राम जूनापानी के संजू भील तथा ग्राम पीपल्या खुशाल की महिला आरोपिया मनफूल बाई और पूजा बाई शामिल हैं।
इन सभी आरोपियों के विरुद्ध भादंवि की विभिन्न धाराओं 323, 294, 506, 427, 279, 337 सहित आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। लगातार निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आठों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार साहू के नेतृत्व में सउनि अरुण भदौरिया, प्रधान आरक्षक हरि सिंह सेन, आरक्षक रामअवतार, अमित सिंह, राकेश भील, अटल बिहारी एवं महिला आरक्षक रेखा वैष्णव की महत्वपूर्ण भूमिका रही
