Spread the love

ईमेल के बाद सुरक्षा बढ़ी, जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
जबलपुर। जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एयरपोर्ट प्रबंधन को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और एयरपोर्ट खाली करा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईमेल में दावा किया गया था कि एयरपोर्ट परिसर के चारों ओर विस्फोटक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया, जिसने लगभग तीन घंटे तक पूरे एयरपोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।
एयरपोर्ट डायरेक्टर आर.आर. पांडे ने पुष्टि की कि धमकी भरा ईमेल रविवार को दोपहर के समय प्राप्त हुआ था। उन्होंने बताया, ईमेल में कहा गया था कि एयरपोर्ट के चारों ओर बारूद रखा गया है। हमने तुरंत सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाए और जांच कराई। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
वहीं खमरिया थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि धमकी मिलने के तुरंत बाद एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस की टीमें सोमवार को भी पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त करती रहीं। थाना प्रभारी ने बताया, “हमने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।”
एक साथ 40 हवाई अड्डों को पहुंचा मेल…
सूत्रों के अनुसार, इस प्रकार का धमकी भरा मेल देश के अन्य 40 हवाई अड्डों को भी भेजा गया है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह किसी बड़े साइबर शरारत या दहशत फैलाने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और इंटेलिजेंस ब्यूरो पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
संचालन बहाल सतर्कता बरकरार…
डुमना एयरपोर्ट पर अभी सामान्य संचालन बहाल कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बनाए रखी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक मेल की सच्चाई और स्रोत का पता नहीं चलता, तब तक सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *