
अहमदाबाद | आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। विसावदर उपचुनाव में शानदार जीत के बाद वह अहमदाबाद में गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह पार्टी की बैठकों में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के अलावा गुजरात में पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए इस पर भी मंथन करेंगे। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 1 से 3 जुलाई तक गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हाल ही में हुए विसावदर विधानसभा उपचुनाव में मिली शानदार जीत का जश्न मनाना और पार्टी के गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान की शुरुआत करना है। यह अभियान 2 जुलाई को अहमदाबाद से शुरू होगा और पूरे गुजरात में चलाया जाएगा। गुजरात जोड़ो सदस्यता अभियान के ज़रिए आप गुजरात में अपनी जड़ें और मज़बूत करना चाहती है। पार्टी का लक्ष्य एक लाख नए कार्यकर्ता जोड़ना है। इसमें 5,000 स्थानीय स्तर के नेता शामिल करने की योजना है। जिसमें असंतुष्ट और निष्क्रिय कांग्रेस नेताओं को आप में शामिल करने पर जोर दिया जाएगा। यह अभियान गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति का हिस्सा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पंजाब और गुजरात में मिली जीत से पार्टी का मनोबल बढ़ा है। बता दें कि जूनागढ़ जिले की विसावदर विधानसभा के उपचुनाव में आप ने भाजपा को हराकर 51.05% वोट हासिल किए हैं। वहीं इस चुनाव में कांग्रेस की जमानत भी जब्त हो गई है। यह जीत इसलिए खास है क्योंकि विसावदर लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है। आप ने इस सीट पर न सिर्फ अपना कब्जा बरकरार रखा है, बल्कि अपनी जीत का अंतर भी बढ़ाया है।
