सागर| मोतीनगर पुलिस अवैध हथियार, शराब तस्करी और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। मोतीनगर पुलिस ने अवैध शराब बेचने वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे 1 लाख 30 हजार रुपए की शराब जब्त की गई थी। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि 2 व्यक्ति इनोवा कार से शराब लेकर मसानझिरी रोड की ओर आने वाले हैं। सूचना पर मसानझिरी रोड, कनेरादेव पर घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद जैसीनगर रोड की ओर से एक इनोवा कार आती दिखी। जिसे रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार चालक जंगल की ओर भाग गया। कार के आगे लगी नंबर प्लेट एमपी 15 बीए 1898 की थी। कार में ड्राइवर के बगल में बैठे व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम दीपेश कुर्मी उम्र 29 वर्ष निवासी पुरानी मकरोनिया बताया। कार की डिग्गी में 26 कार्टून पाए गए।
कुल 1300 पाव शराब जब्त की गई। शराब की कीमत 1 लाख 30 हजार रुपए है। पूछताछ करने पर आरोपी शराब के परिवहन व भंडारण के लिए कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। शराब से दो-दो पाव के नमूने जांच के लिए सीलबंद किए गए। मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी अक्षय लारिया निवासी लाजपत नगर, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया।
