Spread the love

कांग्रेस नेताओं ने डीजीपी के नाम एसपी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बालाघाट। अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को बालाघाट जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसपी आदित्य मिश्रा से मुलाकात कर पुलिस महानिदेशक के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें एफआईआर को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की गई।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि मुंगावली के मुंडरा गांव में एक युवक को मल जबरन खिलाने की घटना पर पीडि़त की आवाज उठाने के कारण राजनीतिक दबाव में आकर कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर को रद्द नहीं किया गया तो वे सडक़ पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
इस मौके पर विधायक विवेक पटेल ने कहा कि यह एफआईआर पूरी तरह से राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, जिसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में एससी, एसटी व अन्य वर्गों के साथ हो रहे अत्याचार और शोषण के खिलाफ आवाज उठा रही है, जिससे घबराकर भाजपा ने यह कार्रवाई करवाई है। वहीं, संगठन मंत्री शफकत खान ने एफआईआर को बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
उल्लेखनीय है कि अशोकनगर के मुंगावली थाना अंतर्गत मुंडरा निवासी के साथ मारपीट कर उसकी मोटर सायकिल छिनने और कथित तौर से मल खिलाने की घटना विगत दिनों सामने आई थी। जिसमें कांग्रेस का कहना है कि पीडि़त ने कार्यक्रम में पहुंचे जीतू पटवारी से मिले और उन्हें अपनी साथ हुई घटना बताई। जिस पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर से मामले में संज्ञान लेने कहा। जिसके बाद उन पर मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *